सुबह जब आँख खुली तो घर के बाहर पाकिस्तानी जासूस नवयुवक वैभव सिंह (छद्म नाम) को पार्क में बैठ कर पानी और कोयले को हथौड़ों से पीटता पाया। मैंने उत्सुकतावश पूछा कि क्या चल रहा है तो वो बोला, “मुद्रा योजना में लोन लिया है, और उससे हथौड़ा खरीद कर, पानी को पीट कर हायड्रोजन निकाल रहा हूँ, और कोयले से कार्बन, फिर दोनों को वाशिंग मशीन में मिक्स कर के पेट्रोल बनाऊँगा।”
भले ही निशंक जी की नई शिक्षा नीति अभी तक लागू नहीं हुई है जिसमें उच्च शिक्षा और शोध हेतु जीडीपी का एक बड़ा हिस्सा खर्च किया जाना है, फिर भी वैभव सिंह जैसे नवयुवकों को देखता हूँ तो हृदय के बाएँ निलय में आनंदातिरेक उठता है, और दाएँ आलिन्द तक पहुँचता रहता है। आप सोचिए कि ऐसे समय में जब पेट्रोल के दामों पर अधिकांश युवा मीम और कार्टून बनाने में व्यस्त हैं, एक युवा ‘आतमनिर्भर भारत’ को गंभीरता से ले कर उस पर कार्य कर रहा है।
आगे बढ़ने से पहले पौराणिक कथा कहना चाहूँगा। जैसा कि व्हाट्सएप्प के शास्त्रों में विदित है कि गियासुद्दीन गाजी के पोते नेहरू ऑक्सफोर्ड में जब पढ़ते थे तो एक दिन वो गेट नंबर 6 से घुसे और 9 से निकल गए। यूँ तो नेहरू जी 6 को 9 आजीवन समझते रहे, परंतु उस दिन परेशानी यह हुई कि उनका ड्राइवर गेट नंबर छः पर ही उनकी प्रतीक्षा करता रहा। आप तो जानते ही हैं कि नेहरू जी जब एक बार 9 तक पहुँच जाते थे, तो फिर 6 से आना उन्हें अच्छा नहीं लगता था।
बाहरहाल, हुआ ये कि उनके पिताजी को यह बात पता चली तो उन्होंने ऑक्सफोर्ड के कुल 52 गेटों पर 52 कारें खड़ी करवा दीं। कथा का सार यह है कि जब नेहरू जी के लिए इंग्लैंड में 52 कारें आती और जाती थीं, तो वो पानी से तो चलती नहीं थी, उसमें पेट्रोल जाता था। इस चक्कर में उनके पिता ने टैंकरों में भारत से तेल भर-भर कर विदेश भिजवा दिए और तभी से यहाँ तेल की क्राइसिस हो गई है। यही कारण है कि माननीय मोदी जी आज भी पेट्रोल सुनते ही नेहरू जी को याद कर लेते हैं। क्योंकि अगर तब हमने तेल बचा लिया होता, और नेहरू जी कार की जगह स्कूटी से जाते, तो आज पेट्रोल इतना महँगा न होता।
ख़ैर, तेल के दाम बढ़ने के बाद शाहरूख से ले कर सैफ अली खान तक को फ्लॉप फिल्मों से हो रहे घाटों की भरपाई के लिए पेट्रोल पम्पों पर नौकरी करनी पड़ीहै। गुप्त सूत्रों से पता चला है कि सैफ अली खान अपनी आवाज बदल कर तेल देता है और अंत में बचने वाली चार-पाँच बूँदें अपने कपड़ों पर डाल लेता है। इसी तरह दिन में उसके पास तेल से भीगे कपड़े में सौ-पचास मिलीलीटर तेल इकट्ठा हो जाता है जिसे वो चाँद मार्का गुल के डब्बे में जमा कर के घर ले जाता है और फिर एक दिन एक लीटर हो जाने पर कहीं ब्लैक में बेच कर कुछ धन कमा लेता है।
अगर आप उस पेट्रोल पम्प पर जाएँगे तो यह सोच कर न जाएँ कि वहाँ सैफ ‘वेओ’ करता दिखेगा, वो वहाँ का कर्मचारी है, और आपको हमेशा ही ज़ीरो देखने की सलाह देगा। वहीं, अगर शाहरूख की बात करें तो उसने भी हकलाना बंद कर दिया है और सामान्य तरीके से ही आपकी टंकी में तेल भरेगा। लेकिन उसके तेल चुराने की तकनीक थोड़ी अलग है। जब आप उसके चेहरे को देखेंगे और पाएँगे कि ये तो शाहरुख है, तो उसका काम चालू हो जाता है।
आपसे कहेगा कि क्या आप सेल्फी लेना पसंद करेंगे। आप ज्योंहि हाँ बोलेंगे, वो आपके साथ सेल्फी लेने लगेगा और तब तक अपने किसी लौंडे को इशारा कर के बुलाएगा और वो कमला पसंद के रैपर में बीस मिलीलीटर चुरा कर दाँत खोदता हुआ निकल जाएगा।
इसी तरह, श्री जॉनी डेप्प को पायरेट्स ऑफ कैरेबियन से निकाले जाने को ले कर काफी भ्रांतियाँ फैल रही थीं। जब हमने स्टिंग ऑपरेशन किया तो पता चला कि पेट्रोल के दामों में वृद्धि के कारण, जहाज पर तेल की आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। ऐसे में जैक स्पैरो का जहाज पाक जलडमरूमध्य में फँसा हुआ था। खाने की तलाश में मछली मारता जॉनी, एक रिक्शे वाले का रिक्शा चुरा कर चलाता हुआ पाया गया।
कुछ लोग यह भी कहते हैं यह बहुरूपिया कोई जॉनी डेप्प नहीं, बल्कि संघी अजीत भारती है जो जॉब छोड़ने के बाद आज कल सड़क पर आ गया है। हालाँकि प्रातःस्मरणीय श्री अजीत भारती जी ने इन बातों का खंडन किया है और कहा है कि रिक्शा वाला आदमी असली जॉनी डेप्प है जो एंबर हर्ड द्वारा लूट लिए जाने के बाद भारत में रिक्शा चला कर जीवनयापन कर रहा है।
सूत्र यह भी बताते हैं कि जॉनी डेप्प ही शाहरुख और सैफ को पेट्रोल पम्प पर गुल का डब्बा और कमला पसंद सप्लाय करता है और एवज में पेट्रोल की बूँदों को स्टॉक मार्केट में इन्वेस्ट कर रहा है।
वहीं, जब मोदी जी से पेट्रोल के बढ़े दामों को ले कर हमने मन की बात करने की कोशिश की तो गेट पर बैठे कुछ लौंडों ने गुटखा थूकते हुए, एक पेपर दिखाते हुए हमसे कहा, “ऐसा है भारती जी कि दस रुपया सस्ता हो जाएगा पेट्रोल तो आप महीने का 300 बचा लेंगे, इतने का तो हम रजनीगंधा और तुलसी तीन दिन में खा जाते हैं। आप चाहते हैं कि इस 300 के लिए सरकार बदल दें?”
मुझे लगा कि लड़का सही तो कह रहा है। फिर उसने आगे कहा, “भैया ऐसो हैगो कि शेर पालवो तो महँगो ही होत है लेकिन चार पैसा बचाबिन के लाने शेर बेंच कें गधा तो नई खरीद लेंहे ससुर !” कोई इतना कॉन्फिडेंस में हो तो फिर सवाल नहीं करना चाहिए वरना वो अगली लाइन यही कह देते कि ‘साले दिल्ली में सबकुछ सीएनजी से चलता है, तुझे पेट्रोल की क्यों पड़ी हुई है?’
वहीं ज़ोया मंसूरी नामक नकाबपोश नवयुवती ने बढ़े दामों को मास्टरस्ट्रोक बताते हुए कहा है कि तेल के दाम बढ़ने से मनचले नवयुवक रोड पर नहीं घूम पाएँगे और महिलाएँ सुरक्षित रहेंगी। उसने आगे विरोधियों को लताड़ लगाते हुए कहा, “60 वाली शक्कर 35 रुपए किलो हो गई, 125 वाली दाल 80 पर आ गई, 100 रूपए किलो वाला टमाटर 20 रुपए में आ गया। मिठाई खा सकते है, दाल तड़का पी सकते है, टोमेटो सूप पी सकते है लेकिन नहीं, पीना तो पेट्रोल ही है। एक बात जान लीजिये यदि मोदी जी महंगाई खत्म नही कर पाये तो कोई माई का लाल कर भी नही पायेगा, फिर वहीं जंतर मन्तर पर कैंडल लेके चक्कर काटोगे। मोदी जी पेट्रोल इसलिए महंगा कर रहे हैं ताकि कोई ऐरा गैरा रोड पर नज़र नहीं आये और महिलाएं सुरक्षित रहे। मोदी जी का मास्टरस्ट्रोक समझना सबके बस की बात नहीं है। एक अकेला व्यक्ति 130 करोड़ हिंदुस्तानियों के हिस्से का ज़हर नीलकण्ठ बनकर पी रहा है तुम थोड़ी सी महंगाई नही बर्दाश्त कर सकते। मूर्खों ये अच्छाई औऱ बुराई का महासंग्राम है जिसमे मैं हमारे प्रधानमंत्रीजी के साथ हूँ।”
ऐसे लोग जब अपना नाम ‘ज़ोया’ रख लेते हैं तो ‘ज़ोया’ नाम वालों से विश्वास उठ जाता है और लगता है कि ये कोई कनपुरिया ब्राह्मण लौंडा है जो बस मजे लेने के लिए वैक्सिंग और थ्रेडिंग करवा कर नकाब पहन कर अल्पसंख्यक नाम वाले हैंडल से ऐसी बातें लिखता है। ज़ोया जैसे लोग जब मोदी जी की बातों के समर्थन में आ जाएँ तो समझ जाइए कि सबका साथ, सबका विकास हो रहा है।
लेकिन ये कॉन्ग्रेसिए किसी के नहीं होते। जबकि मोदी जी तरह-तरह से राष्ट्रसेवा में लगे हुए हैं, गहलोत जैसे लोग कह रहे हैं कि वो टैक्स नहीं घटा सकते हैं, क्योंकि उनकी कमाई कम हो जाएगी। कॉन्ग्रेसी अगर नेहरू जी के कारों की टंकी वाला तेल भी देश क वापस कर दें तब भी दो-तीन कुएँ तो भर ही जाएँगे और भारत वापस सोने की चिड़िया हो जाएगी।
वापस अगर अनुराग ठाकुर जी के आतमनिर्भर भारत स्कीम की बात करूँ तो हायड्रोजन-कार्बन से पेट्रोल बनाने के चक्कर में दूसरे तरह के पदार्थ भी बनाते पाए गए। कई लोग ऐसे भी थे जो पहले घरों में बम बनाया करते थे, लेकिन तेल के बढ़ते दामों को देखते हुए उन्होंने उन्हीं सामानों से हायड्रोजन और कार्बन को अलग करने का प्रयत्न किया। ऐसे प्रयत्न करने वाले कई लोग घर ही में विस्फोट कर बैठे। पुलिस इनकी जाँच कर रही है।
इन सबके बीच एक विलक्षण नवयुवक मोदी जी को पेट्रोल पम्प पर प्रणाम करता पाया गया। हम यह पता लगाने में असमर्थ रहे कि वह दुखी है, या प्रसन्न। क्योंकि मेरे जैसे प्रखर राष्ट्रवादी लोग पेट्रोल के बढ़े दामों से अत्यंत प्रसन्न हैं। मैं उन लोगों में से हूँ जिसे बढ़ते दामों से फर्क नहीं पड़ता क्योंकि दाम कुछ भी हो, भरवाता तो मैं सौ का ही हूँ। मैं तो स्वयं को यह कह कर भी समझा लेता हूँ कि मोदी जी ने दाम बढ़ाया है तो कुछ सोच कर ही बढ़ाया होगा। क्योंकि चाहे रेलवे, SSC की परीक्षाएँ हों, या उनके परिणाम, दो-दो, चार-चार साल की देरी से तो यही लगता है कि मोदी जी ने किया है, तो सही ही किया होगा। और तीसरी बात, टैक्स हम नहीं देंगे तो और कौन देगा? सड़कें, हॉस्पिटल आदि कैसे बनेंगे? स्कूल-कॉलेज कैसे बनेगा? एम्बुलेंस! कंट्रोल उदय, कंट्रोल… क्या करूँ, नोटा भी तो नहीं दबा सकता, एक ही दिल था, जो मोदी जी को कई बार दे चुका हूँ!
लेकिन इसके इतर सीलमपुर के रईस टाइप के भी लोग हैं, और मौजपुर-चाँदबाग के ताहिर हुसैन, फारूक फैजल भी हैं जिन्होंने पेट्रोल के दाम बढ़ने पर भारी विरोध जताया है। आंदोलनजीवी लोगों ने कहा है कि ये उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन है क्योंकि आंदोलन के महत्वपूर्ण शांतिपूर्ण हथियारों में पेट्रोल बम भी आता है जिससे आंदोलन वाले इलाकों में प्रकाश की उत्तम व्यवस्था होती है। उन्होंने कहा है कि पेट्रोल के दामों का बढ़ना सीधे तौर पर अल्पसंख्यक समुदाय के कुटीर उद्योग पर कुठाराघात है।
वहीं, कानपुर के कुछ लौंडे उन लौंडों के पीछे दौड़ते पाए गए जो बहुत तेजी से कहीं दौड़ रहे थे। हमने उनसे पूछा तो उन्होंने कहा कि इनके स्थान विशेष में पेट्रोल लगा हुआ है इसी कारण ये तेजी से भाग रहे हैं। चूँकि अभी पेट्रोल का दाम ठीक-ठाक है, और अर्थव्यवस्था में मंदी है, तो अगर ऐसे दो-चार लौंडे हम दिन में पकड़ लें तो पेट्रोल निकाल कर अपने गुटखे का जुगाड़ हो जाएगा।
पेट्रोल के बढ़ते दामों के कारण एक और प्राचीन सारगर्भित ज्ञान ने समाज में वापसी की है: यज्डी या बुलेट में एक ढक्कन पेट्रोल जालने के बाद कैरोसीन डाल देने से बाइक चलाने की। कुल मिला कर देखा जाए तो मोदी जी धन्यवाद के तो पात्र हैं। आपदा में अवसर निकाल लेना इसे ही तो कहते हैं!
खैर, मैं तो कहूँगा कि पैदल चला कीजिए और बाइक, कार आदि को देखा भी मत कीजिए। की रक्खा है जी! मिट्टी दा श्रीर है, मिट्टीच मिळ जाणा है! कौन सा हम लोग पेट्रोल ले कर आए थे और पेट्रोल ले कर जाएँगे। जलाने में भी देसी घी का प्रयोग होता है, पेट्रोल का नहीं। अच्छे कर्म कीजिए, टैक्स देते रहिए और चैनल को सब्सक्राइब करते रहिए। बाकी सब मोह-माया है।
: http_build_query(): Passing null to parameter #2 ($numeric_prefix) of type string is deprecated in /home/rwtpl/public_html/politices/wp-content/plugins/sitepress-multilingual-cms-master/sitepress.class.php on line 3341
lang="hi-IN">
: Automatic conversion of false to array is deprecated in /home/rwtpl/public_html/politices/wp-content/plugins/sitepress-multilingual-cms-master/classes/post-translation/class-wpml-pre-option-page.php on line 28